नंदगांव में अखिल भारतीय अधिवक्ता–न्यायाधीश महाधिवेशन की तैयारियां तेज, व्यवस्थाओं को दिया गया अंतिम रूप

सिरोही : राजपुरोहित अधिवक्ता संघ, जिला सिरोही की ओर से समाजहित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नंदगांव में 30 दिसंबर से 1 जनवरी तक प्रस्तावित अखिल भारतीय अधिवक्ता–न्यायाधीश महाधिवेशन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और व्यवस्थाएं लगभग पूर्ण कर ली गई हैं।
सिरोही मुख्यालय पर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता हंसराज पुरोहित के सानिध्य में महाधिवेशन से जुड़ी सभी प्रमुख व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आवास, भोजन, पंजीयन, स्वागत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों को सुव्यवस्थित एवं सुनियोजित बनाने पर मंथन हुआ, ताकि सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए देशभर से आने वाले समाजबंधुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयोजन मंडल इस समय पूरी तरह सक्रिय मोड में है और समाजबंधुओं से महाधिवेशन में भाग लेने हेतु शीघ्र पंजीयन कराने की अपील की गई है, जिससे समय रहते सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
बैठक में नंदगांव प्रतिनिधि रघुनाथ सिंह राजपुरोहित, एडवोकेट हीरसिंह मादा, आयोजन मंडल के अशोक पुरोहित, दिनेश राजपुरोहित, सुमेरसिंह राजपुरोहित, दिलीप राजपुरोहित एवं भूपेन्द्र राजपुरोहित उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने सुझाव रखे, जिन पर गहन विचार-विमर्श कर व्यावहारिक समाधान तय किए गए। आयोजकों का दावा है कि यह महाधिवेशन समाज, न्याय व्यवस्था और अधिवक्ता वर्ग के लिए ऐतिहासिक एवं प्रेरणास्पद साबित होगा।



