आबूरोड में दर्दनाक हादसा: झोपड़ी में लगी आग से मां और 4 माह के मासूम की मौत

आबूरोड : सिरोही जिले के आबूरोड क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रीको थाना क्षेत्र के मावल सरहद में नदी किनारे बने कच्चे झोपड़े में अचानक आग लगने से एक मां और उसके चार महीने के मासूम बेटे की दर्दनाक मौत हो गई।
थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत के अनुसार मावल सरहद स्थित झोपड़ी में अचानक आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आने से महिला गोविन्द और उनका चार माह का बेटा विष्णु बाहर नहीं निकल सके और झुलसने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में आग अचानक लगने की बात सामने आई है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मृतका के पिता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय झोपड़ी में और कौन मौजूद था तथा आग किन परिस्थितियों में लगी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होने के बाद घटना की वास्तविकता सामने लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की गहन जांच में जुटी हुई है।



