पाली : सरकारी बाल गृहों का औचक निरीक्षण, सचिव भाटी ने व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश

पाली, 25 अप्रैल : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशों के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने गुरुवार को पाली स्थित राजकीय सम्प्रेषण एवं किशोर गृह तथा राजकीय शिशु गृह का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव भाटी ने बाल गृहों में सफाई व्यवस्था, बच्चों को मिलने वाला भोजन, कपड़े, बिस्तर, चिकित्सा सुविधा, भवन की स्थिति एवं शैक्षणिक गतिविधियों का गहन निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने गृहों में निवासरत बच्चों से संवाद कर उनके अनुभव, आवश्यकताएं और सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

बालकों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से पोषक आहार, चाय व दूध उपलब्ध करवाया जाता है और मनोरंजन के लिए केरम, लूडो, सांप-सीढ़ी जैसे इंडोर गेम्स की व्यवस्था है। वहीं किशोर गृह में विधि से संघर्षरत बच्चों को उनके मामलों की जानकारी न्यायमित्र के माध्यम से दी जाती है, साथ ही परिजनों से नियमित मुलाकात भी होती है।
सचिव भाटी ने गृहों में मैत्रीपूर्ण वातावरण बनाए रखने, नियमित सफाई सुनिश्चित करने और बच्चों के समुचित विकास हेतु सकारात्मक माहौल बनाए रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के समय समन्वयक कन्हैयालाल, न्यायमित्र खुमाराम परिहार सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।



