पाली जेल का औचक निरीक्षण: बंदियों को मिलेगी मुफ्त कानूनी सहायता, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने शुक्रवार को पाली जिला कारागृह का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जेल में कुल 72 बंदी निरुद्ध पाए गए। सचिव भाटी ने बंदियों से संवाद कर भोजन, चिकित्सा, पेयजल, सफाई व्यवस्था समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने उन बंदियों को मुफ्त विधिक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही, जो निजी अधिवक्ता रखने में असमर्थ हैं या जमानत के बावजूद कारागृह में बंद हैं।
प्राधिकरण द्वारा ऐसे बंदियों को उनके प्रकरणों की स्थिति से भी अवगत कराया गया।

जिला जेल में तैनात चिकित्सक डॉ. रायमेन जोसेफ ने बताया कि सभी बंदियों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जाती है, और इमरजेंसी की स्थिति में उन्हें राजकीय बांगड़ अस्पताल रेफर किया जाता है। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक जोराराम, डॉ. नारायणी (चर्म रोग विशेषज्ञ) सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन का उद्देश्य है कि जेल में बंदियों को न्याय व स्वास्थ्य जैसी सभी जरूरी सुविधाएं सुचारु रूप से मिलती रहें।



