पाली जिला कारागृह का औचक निरीक्षण, बंदियों को दी गई निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी

पाली : राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश विक्रम सिंह भाटी ने बुधवार को पाली जिला कारागृह का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल में 102 बंदी निरुद्ध मिले।
सचिव भाटी ने बंदियों से संवाद कर भोजन, चिकित्सा, पेयजल और सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि कोई भी बंदी निजी अधिवक्ता की असमर्थता या विधिक सहायता के अभाव में बिना वकील के न्याय से वंचित न रहे, इसके लिए सभी बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी दी गई।

निरीक्षण के दौरान उन बंदियों की भी जानकारी ली गई जिनकी जमानत हो चुकी है लेकिन वे अब भी जेल में निरुद्ध हैं, साथ ही उनके प्रकरणों की स्थिति से उन्हें अवगत कराया गया। जेल डिस्पेंसरी के चिकित्सक ने बताया कि दंतरोग, मानसिक रोग एवं चर्म रोग विशेषज्ञ हर सप्ताह जेल में विजिट कर बंदियों की जांच करते हैं। निरीक्षण के समय जेल अधीक्षक जोराराम, जेल चिकित्सक डॉ. रॉयमेन जोसेफ, जेल विजिटिंग लॉयर रवींद्र मेलनर्स और विधि छात्र ऋषिराज राजपुरोहित भी उपस्थित रहे।




