पाली : 5 बहनों के इकलौते भाई ने की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम

पाली : शहर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 5 बहनों के इकलौते भाई ने शनिवार सुबह घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक 19 वर्षीय साइफल पुत्र अमजद खान औद्योगिक थाना क्षेत्र के बीसीएम आशियान प्रॉपर्टीज के पास किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रहा था। शनिवार सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलते ही ASI सम्पतराज मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतारकर बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मूल रूप से फालना के अंबाजी नगर निवासी अमजद खान पिछले 15 साल से पाली में रहकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। साइफल कार मैकेनिक था। परिजन उसकी आत्महत्या के कारणों से अनजान हैं और सदमे में हैं।
बुजुर्ग पिता अमजद खान का रो-रोकर बुरा हाल है, वह बार-बार यही कह रहे हैं कि “मेरी बुढ़ापे की लाठी मुझे अकेला छोड़ गई।” पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है।



