पाली में 7.53 करोड़ का यूजर चार्ज बकाया, बकायेदारों पर होगी सख्त कार्रवाई – नगर निगम ने चेताया

पाली, 20 मई। शहर में घर-घर कचरा संग्रहण का कार्य देख रही संवेदक फर्म ‘वी वॉयस’ अब यूजर चार्ज वसूली का काम भी करेगी। इसको लेकर नगर निगम ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है।
आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि जनवरी 2024 से अप्रैल 2025 तक पाली शहर के वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और आवासीय क्षेत्रों पर करीब 7 करोड़ 53 लाख रुपए का यूजर चार्ज बकाया है।
अब यह राशि वसूलने के लिए संवेदक फर्म के कर्मचारी घर-घर जाकर नगर पालिका अधिनियम 2009 की धारा 128 के तहत बिल वितरित करेंगे। यदि निर्धारित समय पर भुगतान नहीं किया गया, तो बकायेदारों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने कहा कि बकाया यूजर चार्ज जमा होने से नगर निगम की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा और शहर में सफाई व्यवस्था और मजबूत हो सकेगी।
नगर निगम ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर यूजर चार्ज का भुगतान करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।



