विश्व पर्यावरण दिवस पर जोधपुर रेलवे मंडल की अनोखी पहल: ‘अपनी बोतल स्वयं लाएं’ अभियान की शुरुआत

जोधपुर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने शनिवार को पर्यावरण संरक्षण के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की। यह अभियान मंडल के NSG-2 से NSG-4 श्रेणी के सात प्रमुख रेलवे स्टेशनों — जोधपुर, बाड़मेर, पाली, नागौर, मेड़ता रोड, डेगाना और मकराना — पर एक साथ प्रारंभ किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि इस मुहिम का उद्देश्य यात्रियों को “अपनी बोतल स्वयं लाएं” की भावना से जोड़ना है, ताकि रेलवे स्टेशनों पर सिंगल यूज़ प्लास्टिक बोतलों के उपयोग को कम किया जा सके और पर्यावरण की रक्षा की जा सके।
अभियान के तहत रेलवे कॉलोनी, कोचिंग डिपो और रेलवे अस्पताल में भी प्लास्टिक लंच बॉक्स और बोतलों के दोबारा उपयोग को प्रोत्साहित किया गया। वहीं, स्टेशनों पर पोस्टर, पेम्पलेट और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए यात्रियों और कर्मचारियों को पर्यावरण जागरूकता से जोड़ा गया।

डीआरएम त्रिपाठी ने कहा, “रेलवे केवल यात्रा का साधन नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में सहभागी भी है। हम सभी को मिलकर एक स्वच्छ और हरित भारत के निर्माण में भूमिका निभानी चाहिए।” यह पहल रेलवे के पर्यावरण के प्रति सामाजिक दायित्व को दर्शाती है और आने वाले समय में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उन्मूलन की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो सकती है।



