
पाली : पाली जिले में जाडन टोल नाके के पास जंगल क्षेत्र में 10 दिन पुराना शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव कंकाल अवस्था में मिला, जिसका सिर का हिस्सा बुरी तरह नोचा हुआ था, जिससे हत्या या जंगली जानवरों की आशंका भी जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक के शरीर पर नीले रंग का टी-शर्ट और लोवर मिला है, जबकि पास में एक लाठी भी पड़ी हुई थी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मौके से कोई मोबाइल या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिससे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है और शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण सीओ अमरसिंह रत्नू भी मौके पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
इधर, शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।



