पाली SDM का बड़ा एक्शन: स्कूल, अस्पताल, आंगनवाड़ी और पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए सख्त निर्देश

पाली : पाली उपखंड के मनिहारी ग्राम पंचायत में गुरुवार को आयोजित पंचायत स्तरीय जनसुनवाई एवं राहत शिविर के दौरान प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। उपखंड अधिकारी विमलेंद्र सिंह राणावत ने आमजन की समस्याएं सुनने के साथ-साथ मनिहारी, पादरला और गूड़ा प्रतापसिंह क्षेत्र में स्कूल, चिकित्सालय, आंगनवाड़ी केंद्र और पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

एसडीएम राणावत सबसे पहले सत्य भारती स्कूल मनिहारी पहुंचे, जहां उन्होंने कंप्यूटर शिक्षा, मध्याह्न भोजन, साफ-सफाई और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय में डिजिटल शिक्षा व्यवस्था देखकर उन्होंने स्कूल स्टाफ की जमकर सराहना की। कंप्यूटर लैब में विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा लेते देख एसडीएम ने कहा कि गांवों में इस तरह की आधुनिक शिक्षा व्यवस्था प्रेरणादायक है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर शिक्षण पद्धति का अवलोकन किया और शिक्षकों की कार्यशैली पर संतोष जताया। मिड-डे मील की गुणवत्ता, स्वच्छता और तय मेन्यू के अनुसार भोजन वितरण व्यवस्था को भी उत्कृष्ट बताया। स्कूल परिसर, शौचालय, पेयजल स्थल और कक्षाओं की साफ-सफाई को लेकर भी उन्होंने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

एसडीएम ने शिक्षकों से कहा कि उनकी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण अन्य विद्यालयों के लिए उदाहरण है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक किशन सिंह ने प्रशासन के प्रोत्साहन पर आभार जताया।
इसके बाद एसडीएम ने मनिहारी पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण, साफ-सफाई और कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और आमजन से बेहतर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। चौकी परिसर में सफाई व्यवस्था सुधारने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश जारी किए गए।

जनसुनवाई के दौरान चिकित्सालय और आंगनवाड़ी केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया। हीटवेव को देखते हुए अस्पताल में मरीजों के लिए ठंडे पानी, वाटर कूलर, टीनशेड, ORS कॉर्नर, दवाइयों और शीतल छाया जैसी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। साथ ही स्टाफ उपस्थिति, वार्डों की सफाई, पानी की टंकियों की स्वच्छता, टीकाकरण और परिवार कल्याण योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।
एसडीएम ने कहा कि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान विकास अधिकारी भगवान सिंह राठौड़, नायब तहसीलदार बाबूलाल चौहान, भू-अभिलेख निरीक्षक अजीत सिंह, नरेंद्र सिंह, प्रशासक चक्रवर्ती सिंह, ग्राम सेवक भैरू सिंह शेखावत, विद्यालय स्टाफ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




