google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली जिले में टीबी के खिलाफ बड़ा अभियान, सोजत-सुमेरपुर के स्वास्थ्य कैम्पों का हुआ निरीक्षण, हर संभावित मरीज तक पहुंचने के निर्देश

पाली : टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत पाली जिले में चल रहे 100 दिवसीय विशेष अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। गुरुवार को सोजत और सुमेरपुर टीबी यूनिट में आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण एसटीडीसी अजमेर के अधीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टीबी मरीजों की जांच, उपचार और मॉनिटरिंग व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास मारवाल के निर्देशन में जिलेभर में संचालित इस विशेष अभियान के तहत हाई-रिस्क क्षेत्रों में सक्रिय टीबी खोज अभियान चलाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान डॉ. इंद्रजीत सिंह ने स्क्रीनिंग प्रक्रिया, दवा वितरण, मरीजों के फॉलोअप और जांच व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि हर संभावित मरीज तक समय पर पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म किया जा सके।

डॉ. सिंह ने विशेष रूप से हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के जरिए गांव-गांव तक जांच सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने समुदाय स्तर पर चल रही जागरूकता गतिविधियों और जनसहभागिता की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना या कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाना जरूरी है। समय पर पहचान और नियमित उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जाए और हर संदिग्ध मरीज की समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि देश को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सके। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button