ग्राम रथ अभियान से गांव-गांव पहुंच रही योजनाओं की जानकारी, एलईडी वैन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बढ़ी जागरूकता

पाली : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप जिले में ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने के लिए ग्राम रथ अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से कृषकों, पशुपालकों और आम ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
शनिवार को आयोजित अभियान के दौरान विभिन्न गांवों में ग्रामीणों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने के प्रति रुचि दिखाई और सरकार के प्रति आभार भी जताया। अभियान के अंतर्गत रोहट उपखंड के देवाण, कुण्डली चारणान, उमकली, धिंगाणा, बस्सी, वायद सहित कई गांवों में ग्राम रथ पहुंचा।

इसी प्रकार सुमेरपुर, बाली, मारवाड़ जंक्शन और सोजत विधानसभा क्षेत्रों के अनेक गांवों—हेमावास, सोनाईमांझी, सोडावास, टेवाली, बडौद, सिन्दरली, मौरखा, मादा, ढारिया, किशनपुरा, देवलीपाबूजी, भादरलाउ, इन्दरवाडा, वणदार, केलवाद और बगड़ी नगर—में भी ग्राम रथ के जरिए योजनाओं की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान मोबाइल वैन के जरिए योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित फिल्में दिखाई गईं, वहीं कला जत्था और स्थानीय लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को आकर्षित कर योजनाओं के प्रति जागरूक किया। यह प्रयास ग्रामीणों को सरल और रोचक तरीके से योजनाओं से जोड़ने में कारगर साबित हो रहा है।

प्रशासन के अनुसार रविवार को भी अभियान जारी रहेगा, जिसमें रोहट, सुमेरपुर, बाली, मारवाड़ जंक्शन और सोजत क्षेत्रों के कई गांवों में मोबाइल वैन के माध्यम से योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे ग्राम रथ अभियान के माध्यम से प्रदर्शित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अधिक से अधिक लाभ उठाएं।




