पाली : बांगड़ अस्पताल में निर्माण कार्य पर विवाद, प्रसूति भवन में घटिया सामग्री के आरोप, शिवसेना का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

पाली : बांगड़ अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन प्रसूति भवन को लेकर विवाद गहरा गया है। शिवसेना (शिंदे गुट) ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
जिला प्रमुख तख्तसिंह सोलंकी और जिला प्रवक्ता राजू देवासी के नेतृत्व में कार्यकर्ता सुबह करीब 11 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि एमसीएच विंग के पीछे बनाए जा रहे प्रसूति कक्ष और वार्ड में ठेकेदार द्वारा निविदा शर्तों की अनदेखी कर निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि निर्माण कार्य में सीमेंट और रेत का अनुपात मानकों के अनुरूप नहीं रखा गया है। साथ ही सरिया, कंक्रीट, टाइल्स और सैनिटरी सामग्री भी घटिया गुणवत्ता की लगाई गई है, जिसके कारण भवन की चुनाई और प्लास्टर अभी से टूटने लगा है।

शिवसेना कार्यकर्ताओं का आरोप है कि निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे संबंधित अधिकारियों को इस स्थिति की जानकारी होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे उनमें रोष व्याप्त है।
कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभाव से सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।
प्रदर्शन में जिला महासचिव मनोज कुमार गर्ग, एडवोकेट नरेश प्रजापत, नगर प्रमुख उदय शेट्टी, नगर संगठन प्रमुख राजू सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



