
पाली : सोमनाथ मंदिर पर प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष एवं मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को पाली शहर सहित जिलेभर के शिवालयों में विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। शहर के सोमनाथ मंदिर में भगवान शिव का विधिवत अभिषेक और भव्य आरती आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

यह आयोजन कला एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार, कला साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग तथा देवस्थान विभाग, राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तर पर विभिन्न विभागों की सहभागिता से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में आयोजित “सोमनाथ अमृत महोत्सव” से वर्चुअल माध्यम (वीसी) के जरिए जुड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में हो रहे कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया।

इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रभा, जिला परिषद के सीईओ मुकेश चौधरी, पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा सहित देवस्थान विभाग, नगर निगम, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं आमजन मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ ऐतिहासिक विरासत के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।




