RPSC पेपर लीक कांड में बड़ा खुलासा, पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. शिव सिंह राठौड़ SOG के रडार पर, पूछताछ जारी

जयपुर : राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं की साख पर सवाल खड़े करने वाले पेपर लीक मामलों की जांच अब बड़े स्तर तक पहुंच गई है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. शिव सिंह राठौड़ को पूछताछ के लिए तलब किया है। सूत्रों के अनुसार, उनसे गहन पूछताछ जारी है।
यह पूरा मामला स्कूल व्याख्याता (कृषि विज्ञान) भर्ती परीक्षा-2022 के पेपर लीक से जुड़ा हुआ है। एसओजी ने 10 मई को जयपुर स्थित मुख्यालय में इस बड़े रैकेट का खुलासा किया था, जिसमें सामने आया कि परीक्षा का पेपर करीब 60 लाख रुपये में बेचा गया।

जांच के दौरान पेपर लीक के कथित मास्टरमाइंड शेर सिंह मीणा ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसे यह पेपर तत्कालीन RPSC सदस्य बाबूलाल कटारा द्वारा उपलब्ध कराया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, शेर सिंह मीणा ने पूछताछ में पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष डॉ. राठौड़ का नाम भी लिया है। अब इस दावे की सच्चाई परखने के लिए एसओजी दोनों आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ की तैयारी कर रही है।
मामले में लगातार हो रहे खुलासों से यह स्पष्ट है कि जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की गहराई तक पहुंचने में जुटी हैं, जिससे आने वाले दिनों में और भी बड़े नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।



