जोधपुर रेल मंडल में DRM का औचक निरीक्षण, गंदगी पर सख्ती, स्टेशनों के सुधार के दिए कड़े निर्देश

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में मंगलवार को संरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर सख्ती देखने को मिली। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जोधपुर-बनाड़ रेलखंड का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मिली कमियों पर नाराजगी जताते हुए डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने जोधपुर, राईका बाग और जोधपुर कैंट रेलवे स्टेशनों का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। रेलवे लाइनों के आसपास फैली गंदगी पर सख्त रुख अपनाते हुए सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त की जा रही रेलवे की दीवारों की मरम्मत करवाने तथा दोषियों की पहचान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बाद में डीआरएम ने बनाड़ रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर में फीकी पड़ चुकी नाम पट्टिकाओं के नवीनीकरण, प्लेटफॉर्म पर पेड़ों की ट्रिमिंग, दीवारों के रंग-रोगन, पेयजल व्यवस्था की स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी तथा दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं के बेहतर रखरखाव के निर्देश दिए।
डीआरएम त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, इंजीनियर, सुपरवाइजर एवं निरीक्षक मौजूद रहे।



