पाली : ‘ग्राम रथ अभियान’ से गांव-गांव पहुंच रही योजनाओं की जानकारी, संध्या चौपाल में सुनी गई समस्याएं

पाली : भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार पाली जिले में चल रहे ‘ग्राम रथ अभियान’ के तहत अब गांव-गांव तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जा रही है। एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से संचालित इस अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और आमजन योजनाओं का लाभ उठाते हुए सरकार के प्रति आभार भी जता रहे हैं।

मंगलवार को अभियान के तहत पाली, सुमेरपुर, बाली, मारवाड़ जंक्शन और सोजत विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में ग्राम रथ पहुंचे। रोहट पंचायत समिति के पांचपदरिया, रेपड़ा, फेकारिया, धोलेरिया शासन, रानी पंचायत समिति के माण्डल व बालराई, देसूरी क्षेत्र के माण्डपुर व देसूरी सहित कई गांवों में मोबाइल वैन के जरिए योजनाओं, उपलब्धियों और लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान जिला कलेक्टर ने बालराई गांव में आयोजित संध्या चौपाल में भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर प्रशासन ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।

अभियान के तहत एलईडी वैन पर योजनाओं से जुड़ी लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया, वहीं कला जत्था और स्थानीय लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी रोचक अंदाज में दी।
अभियान की अगली कड़ी में बुधवार को भी कई गांवों में ग्राम रथ पहुंचकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़े।




