google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : ‘मिशन मानस’ की शुरुआत, कलेक्टर ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद, शिक्षा में 5 सूत्री सुधार योजना लागू

पाली : जिले में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने बुधवार को एक नई पहल ‘मिशन मानस’ की शुरुआत की। इस कार्यक्रम का शुभारंभ पीएमश्री श्री बांगड़ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से किया गया।

कलेक्टर ने ‘मिशन मानस’ के तहत 5 सूत्रीय कार्यक्रम की घोषणा करते हुए बताया कि विद्यालयों में अब प्रार्थना सभा को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिसमें हिंदी-अंग्रेजी समाचार वाचन, सामान्य ज्ञान, नैतिक शिक्षा और प्रेरक बोधकथाएं शामिल होंगी।

दूसरे सूत्र के तहत प्रत्येक माह चतुर्थ शनिवार को ‘नो बैग डे’ मनाया जाएगा, जिसमें 60 मिनट का विशेष ‘मानस सत्र’ आयोजित होगा। इस दौरान पूर्व विद्यार्थी, विशेषज्ञ, मोटिवेटर और करियर काउंसलर विद्यार्थियों को करियर गाइडेंस, नशामुक्ति, मोबाइल के सही उपयोग और तनाव प्रबंधन पर मार्गदर्शन देंगे।

तीसरे सूत्र में अंग्रेजी बोलने की दक्षता बढ़ाने के लिए विशेष प्रशिक्षण और अभ्यास पर जोर दिया जाएगा, वहीं चौथे सूत्र के अंतर्गत विद्यार्थियों को पुस्तकालय से जोड़कर पढ़ने की आदत विकसित की जाएगी। पांचवें सूत्र में प्राथमिक कक्षाओं से ही सुलेख सुधार और बेहतर फर्नीचर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उन्हें सकारात्मक सोच, अनुशासन, नशामुक्त जीवन और लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी खुलकर करियर, परीक्षा तनाव, सफलता के मंत्र और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका कलेक्टर ने सरल और प्रेरक अंदाज में जवाब दिया।

इस अवसर पर विभिन्न एनजीओ, पेंशनर समाज और शिक्षा से जुड़े संगठनों से भी ‘मिशन मानस’ में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई। कार्यक्रम में समग्र शिक्षा के अधिकारी, विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button