चलती ट्रेन में बड़ी कार्रवाई, जोधपुर मंडल में एक्सप्रेस ट्रेन से 110 शराब की बोतलें जब्त

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त नीतीश शर्मा के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने ट्रेन में छिपाकर ले जाई जा रही अवैध शराब को बरामद किया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि 12 मई को गाड़ी संख्या 20483 भगत की कोठी–गांधीधाम एक्सप्रेस में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान वाणिज्य निरीक्षक रतन सिंह गुर्जर, आरपीएफ निरीक्षक लाल बहादुर यादव और एएसआई आरपीएफ की टीम ने कोच एस-4 के शौचालय की छत में छुपाकर रखी गई 110 अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद कीं।
जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.05 लाख रुपये आंकी गई है। बरामद सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए आरपीएफ भगत की कोठी को सुपुर्द कर दिया गया है।
रेल प्रशासन के अनुसार, ट्रेनों और रेलवे परिसरों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। मंडल रेल प्रबंधक ने टीम की सतर्कता और कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना रेलवे की प्राथमिकता है और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



