पाली : ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ को लेकर सख्ती, जिला टास्क फोर्स की बैठक में बने एक्शन प्लान

पाली : जिले में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना को और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को जिला कलेक्टर सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें बालिका सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा कर आगामी कार्ययोजना तय की गई।
बैठक में महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एवं समिति सचिव भागीरथ चौधरी ने पिछले तीन माह की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए नए वित्तीय वर्ष के लिए विस्तृत एक्शन प्लान रखा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में हरियालो राजस्थान अभियान, प्रतिभावान बालिकाओं का जिला स्तरीय सम्मान, “कॉफी विद कलेक्टर”, बाल विवाह मुक्त राजस्थान अभियान और किशोरी बालिकाओं के एक्सपोजर विजिट जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में नव स्थापित शिशु वात्सल्य गृह की जानकारी भी साझा की गई, जिसे जल्द ही शुरू किया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने सखी वन स्टॉप सेंटर के संचालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य किया जाए।
इसके साथ ही जिला महिला समाधान समिति की बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें कार्यस्थलों पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 के तहत सभी सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में आंतरिक शिकायत समितियों के गठन के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर जिले में बालिकाओं के विकास और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।



