पाली में ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026’ की तैयारियां तेज, 25 मई से 5 जून तक चलेगा व्यापक जनजागरण

पाली : जिले में जल संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026’ की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मुकेश चौधरी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित कर अभियान की रूपरेखा और गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि यह अभियान 25 मई से 5 जून 2026 तक जिलेभर में चलाया जाएगा, जिसमें जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरण किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए और घर-घर संपर्क कर लोगों को जोड़ा जाए।

अभियान के तहत जल निकायों का सूचीकरण, जियो टैगिंग, जल शक्ति केंद्रों की स्थापना, श्रमदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 26 मई को सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर नए कार्यों का अनुमोदन और ग्रामीणों को जल संरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा।
इसके साथ ही 4 जून को “रन फॉर एनवायरमेंट” दौड़ का आयोजन तथा 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर व्यापक वृक्षारोपण, जल संरचनाओं का लोकार्पण और “जल गौरव सम्मान” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान नाटक, रैली, साइकिल यात्रा, सोशल मीडिया प्रचार, किसान चौपाल, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को जल बचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही नदियों, तालाबों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई, जल स्रोतों के संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए गए।



