भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए आगे आई महिला सुरक्षा सहयोगी समिति, पेड़ों पर लगाए परिंडे

पाली : गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच पक्षियों को राहत पहुंचाने के लिए महिला सुरक्षा सहयोगी समिति पाली द्वारा सराहनीय पहल की जा रही है। समिति की टीम ने जबरेश्वर महादेव मंदिर एवं मानपुरा भाकरी क्षेत्र में पेड़ों पर परिंडे लगाकर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की।
समिति अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने बताया कि पिछले एक माह से टीम लगातार शहर और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्थानों पर परिंडे लगाने का कार्य कर रही है, ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों को पानी की कमी का सामना न करना पड़े।
समिति की मार्गदर्शिका कमला शर्मा ने कहा कि जीव-जंतुओं की सेवा करना बेहद पुण्य का कार्य है। मानपुरा भाकरी क्षेत्र में घने पेड़ों की संख्या अधिक होने के कारण यहां पक्षियों का आवागमन भी ज्यादा रहता है, ऐसे में परिंडों में नियमित पानी भरना बेहद जरूरी है।
टीम ने क्षेत्र के घर-घर जाकर परिंडे भी वितरित किए और ग्रामीणों को पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों ने समिति के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए आभार जताया।
समिति द्वारा गर्मी के मौसम में राहगीरों के लिए ठंडे पानी के कैंपर, छायादार छतरियां और पानी की कुंडियां उपलब्ध कराने जैसे सेवा कार्य भी किए जा रहे हैं। इस दौरान दयाशंकर झा, आरडी वैष्णव, जितेन्द्र मालवीय, कालूदास वैष्णव, कपिल वैष्णव सहित कई सदस्य मौजूद रहे।



