google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में पेट्रोल पम्पों पर बड़ी कार्रवाई, कम माप पर 3 पम्पों के 5 नोजल पकड़े, जुर्माना और नोजल सीज

पाली : खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देश पर पाली जिले में शुक्रवार को विधिक माप विज्ञान विभाग की टीम ने पेट्रोल पम्पों पर औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान कई पम्पों पर पेट्रोल की कम आपूर्ति का मामला सामने आया, जिसके बाद संबंधित नोजलों को बंद कर जुर्माना लगाया गया।

जिला रसद अधिकारी कमल कुमार पंवार ने बताया कि यह कार्रवाई सहायक नियंत्रक अजमेर सुश्री भावना दयाल एवं राकेश माहेश्वरी (उदयपुर) के नेतृत्व में की गई। निरीक्षण के दौरान पाली-जयपुर हाईवे स्थित पार्श्व एनर्जी के एक पेट्रोल नोजल में 5 लीटर पर 30 मिलीलीटर कम पेट्रोल पाया गया।

इसी तरह मैसर्स पूजा एचपी पेट्रोलियम के दो नोजलों में 30-30 मिलीलीटर तथा मारवाड़ जंक्शन स्थित मां आई जी फिलिंग स्टेशन के दो नोजलों में 50-50 मिलीलीटर कम पेट्रोल की आपूर्ति सामने आई।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह अनियमितताएं विधिक माप विज्ञान अधिनियम-2009 एवं राजस्थान विधिक माप विज्ञान (प्रवर्तन) नियम-2011 की धारा 30 का उल्लंघन है। कार्रवाई करते हुए तीनों पेट्रोल पम्पों पर प्रति नोजल 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा संबंधित नोजलों को तत्काल बंद कर पुनः कैलिब्रेशन करवाने के निर्देश दिए गए।

विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को पेट्रोल-डीजल की सही मात्रा सुनिश्चित कराने के लिए मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत लगातार औचक निरीक्षण कर अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button