पाली में सेवा की मिसाल, 195 जरूरतमंद परिवारों को राशन किट वितरण, संस्था ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी

पाली : पाली की पुण्य धरा पर सेवा और सहयोग की परंपरा एक बार फिर देखने को मिली, जब एक सामाजिक संस्था द्वारा गरीब राशन कार्ड योजना के तहत 195 अति जरूरतमंद परिवारों को राशन किट वितरित किए गए।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. एम.एस. लोढ़ा ने कहा कि पाली की पहचान केवल भामाशाहों से ही नहीं, बल्कि आमजन की सेवा भावना से भी है। यहां लोग पशु-पक्षियों के साथ-साथ दीन-दुखियों और असहायों के लिए भी हमेशा आगे रहते हैं।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष केवलचन्द कवाड़, पूर्व अध्यक्ष मांगीलाल गांधी, डॉ. एल.एन. सोनी, कोषाध्यक्ष गुरुचरण हेड़ा एवं छगनलाल सालेचा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रवक्ता देवराज शर्मा ने बताया कि इस सेवा कार्य में संस्था के कई सेवाभावी सदस्यों और समाजसेवियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
संस्था के व्यवस्थापक विजय नाथ और जेठूसिंह राजावत ने लाभार्थियों के लिए शीतल जल, छाया और सुचारू वितरण व्यवस्था सुनिश्चित की। इस दौरान संस्था द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसुविधाओं, वाटिका विकास और स्नानघर नवीनीकरण जैसे कार्यों की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष डॉ. लोढ़ा ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए आमजन से भीषण गर्मी में सतर्क रहने और पुरुषोत्तम मास में अपनी सामर्थ्य अनुसार सेवा कार्य करने का आह्वान किया।



