समाज सेवा शिविर का तीसरा दिन, विद्यार्थियों ने सीखा प्लास्टिक प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

पाली : राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में संचालित समाज सेवा शिविर के तीसरे दिन विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने बिसलपुर स्थित प्लास्टिक संग्रहण केंद्र का शैक्षणिक भ्रमण कर व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
वरिष्ठ अध्यापक प्रेम सिंह राणावत ने बताया कि भ्रमण के दौरान केंद्र प्रभारी काना राम मेवाड़ा ने विद्यार्थियों को मल्टी लेयर प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया कि संग्रहित प्लास्टिक का पुनः उपयोग कर किस प्रकार जन-उपयोगी सामग्री तैयार की जा रही है, जिससे पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।

केंद्र पर विद्यार्थियों ने देखा कि प्लास्टिक कचरे का सही प्रबंधन कर उसे उपयोगी उत्पादों में बदलने से न केवल प्रदूषण कम होता है, बल्कि पर्यावरण को भी राहत मिलती है। विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उचित संग्रहण और निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर प्रभारी गणपत लाल बारूपाल, नाथू सिंह राणावत और भगवत सिंह देवड़ा सहित अन्य शिक्षकों की उपस्थिति में आयोजित इस गतिविधि ने विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी का भाव विकसित किया।




