google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाने की तैयारी तेज, व्यापार मंडलों के साथ निगम की बड़ी बैठक

पाली : मानसून से पहले पाली शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी एवं नगर निगम प्रशासक के निर्देशों की पालना में नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने शहर के विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर स्वच्छता, जनस्वास्थ्य, अतिक्रमण और व्यापारिक व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक चर्चा की।

बैठक में नगर निगम आयुक्त ने व्यापारियों से सिंगल यूज प्लास्टिक, थर्माकोल और प्लास्टिक स्ट्रॉ का उपयोग तत्काल बंद करने की अपील की। वहीं चाय की थड़ियों और होटल संचालकों से डिस्पोजेबल कपों की बजाय कांच और स्टील के बर्तनों का उपयोग बढ़ाने का आग्रह किया गया।

आयुक्त भारद्वाज ने कहा कि मानसून पूर्व शहरभर में नालों की सफाई अभियान चलाया जा रहा है, इसलिए व्यापारी नालों में कचरा, पॉलिथीन और दुकान का वेस्ट नहीं डालें। उन्होंने चेतावनी दी कि नाले जाम होने से जलभराव और बीमारियों की स्थिति पैदा हो सकती है।

नगर निगम ने प्रत्येक दुकान और प्रतिष्ठान के बाहर हरे और नीले रंग के दो डस्टबीन रखना अनिवार्य बताया है। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा निगम के घर-घर कचरा संग्रहण वाहन में ही कचरा डालने के निर्देश दिए गए। व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए मुख्य बाजारों में दिन में दो बार कचरा संग्रहण वाहन भेजने की योजना भी बनाई गई है।

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत यूजर चार्ज जमा कराने, डेंगू-मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए बाजार क्षेत्रों को साफ रखने और “वोकल फॉर लोकल” अभियान के तहत स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

नगर निगम आयुक्त ने व्यापार मंडलों से बाजार क्षेत्रों में स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण कम कराने तथा दुकानों के बाहर सामान रखने की सीमा तय करने का आग्रह किया, ताकि यातायात और पैदल आवागमन सुचारू बना रहे। इसके लिए निगम की ओर से अलग से कैलेंडर जारी करने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के दौरान महिलाओं के लिए बाजार क्षेत्रों में यूरिनल निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया। आयुक्त ने व्यापारियों से उपयुक्त स्थान चिन्हित करने का आग्रह किया ताकि नगर निगम आवश्यक सुविधाएं विकसित कर सके।

बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास बूबकिया, साबू जी, दौलाराम पटेल, पदमचंद मेहता सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं नगर निगम की ओर से अधिशासी अभियंता कलीम अशरफ, जितेंद्र सोनी, ललितमोहन शर्मा और डीओसी प्रभारी ललित काला उपस्थित रहे। व्यापार मंडलों ने नगर निगम को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button