पाली : दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रॉले ने दो ट्रैक्टरों को मारी टक्कर, महिला की मौत, 5 घायल

पाली/सोजत : पाली जिले के सोजत क्षेत्र में गुरुवार सुबह नेशनल हाईवे-162 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। चंडावल गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रॉले ने दो ट्रैक्टरों को टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

चंडावल थाना अधिकारी अमराराम मीणा ने बताया कि हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। गुजरात से नागौर जिले के पादू कलां की ओर जा रहे दो ट्रैक्टर एक साथ हाईवे पर चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रॉले ने एक ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह ट्रैक्टर आगे चल रहे दूसरे ट्रैक्टर से जा भिड़ा।
हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान ट्रॉले के टायर की चपेट में आने से आमली पत्नी शियाराम बावरी निवासी पादू खुर्द की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना में महेंद्र, पप्पूराम, मंगेज, धर्माराम और चैनाराम घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल चंडावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर चंडावल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रॉले को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि बाद में पुलिस ने मार्ग को सुचारु करवा दिया।




