पाली : लॉन्च हुआ ‘ब्रेकफ्री इंडिया’ प्लेटफॉर्म, अब डिजिटल माध्यम से मिलेगी HIV और STI से जुड़ी गोपनीय सलाह व सहायता

पाली : एचआईवी और यौन संक्रमित बीमारियों (STI) को लेकर जागरूकता बढ़ाने और लोगों को आसान, सुरक्षित एवं गोपनीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) द्वारा “ब्रेकफ्री इंडिया” डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया गया। बुधवार को बांगड़ अस्पताल स्थित एआरटी सेंटर पाली में आयोजित कार्यक्रम में इस नई डिजिटल पहल की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने बताया कि “ब्रेकफ्री इंडिया” प्लेटफॉर्म का उद्देश्य एचआईवी एवं एसटीआई से संबंधित जानकारी, परामर्श, जांच और उपचार सेवाओं को आमजन तक सरल, सुरक्षित, गोपनीय और निःशुल्क रूप में पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्लेटफॉर्म की विभिन्न डिजिटल सुविधाओं से अवगत कराया गया। इसमें YANA नामक एआई चैटबॉट, राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1097, टेली मानस सेवा 14416 तथा 24×7 डिजिटल सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि यह प्लेटफॉर्म लोगों को भय, सामाजिक कलंक और भ्रम से बाहर निकालकर समय पर सही स्वास्थ्य सलाह और सहायता प्राप्त करने में मदद करेगा।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा कि एचआईवी और एसटीआई जैसी बीमारियों को लेकर जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है। समय पर जांच और उपचार से इन बीमारियों को नियंत्रित किया जा सकता है और डिजिटल प्लेटफॉर्म इस दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. ईरम फैजी, रतन लाल, परामर्शदाता धीरज कुमार, रामराज, स्टाफ नर्स प्रकाश कुमार, किशन सिंह, कन्हैया लाल, महेंद्र तथा स्वयंसेवी संस्थाओं से सुनीता, भीख सिंह, टीआई सहित कई स्वास्थ्यकर्मी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को जनहित में उपयोगी और समय की जरूरत बताया।



