पाली : स्वास्थ्य सेवाओं का सम्मान, उत्कृष्ट कार्य पर जवाली PHC और एएनएम इमरती शर्मा सम्मानित

पाली : जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले चिकित्सा संस्थानों और कार्मिकों को प्रोत्साहित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने सराहनीय पहल की है। जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
बैठक के दौरान रानी ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जवाली को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (NQAS) के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के लिए प्रशंसा-पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान रानी बीसीएमओ डॉ. ओजस रावल को सौंपा गया।
इसके साथ ही सुमेरपुर ब्लॉक के बिठूड़ा उप स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत एएनएम इमरती शर्मा को माह अप्रैल 2026 में सर्वाधिक संस्थागत प्रसव करवाने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जिला कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में चिकित्सा कार्मिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है और ऐसे प्रयास अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इसी तरह समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया।



