पाली : 24 मई को होगा भव्य ‘बाबा साहेब प्रतिभा सम्मान समारोह’, 400 मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान

पाली : शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 24 मई (रविवार) को पाली के समीप गोल निबड़ा स्थित श्री सिद्ध शक्ति पीठ शनिधाम में भव्य “बाबा साहेब प्रतिभा सम्मान समारोह” आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन श्री श्री 1008 श्री शनिधाम पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर परमहंस स्वामी निजस्वरूपानंदपुरी जी महाराज (दाती महाराज) के पावन सान्निध्य में संपन्न होगा।
समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर होंगे। कार्यक्रम का आयोजन दाती सेवा संस्थान एवं वादी नट भाट जागृति संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लगभग 400 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को तीन अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।
91 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को “बाबा साहेब विद्या गौरव पुरस्कार”,
75 से 90.99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वालों को “बाबा साहेब ज्ञान ज्योति पुरस्कार”
तथा 65 से 74.99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इस सम्मान समारोह में पाली, जोधपुर, जालौर, सिरोही, बाड़मेर, सांचोर, बालोतरा, नागौर और ब्यावर जिलों के विद्यार्थी भाग लेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वंचित एवं पिछड़े वर्गों के मेधावी विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
समारोह में वादी नट भाट, मेघवाल, रैगर (जीनगर), भील, खटिक, वाल्मीकि, ढोली, सरगरा, कामड़ सहित विभिन्न समाजों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में शनिधाम पीठाधीश्वर दाती महाराज के अलावा समाजसेवी मेघराज सिंह, हरजेश नाराणिया, सागर नाराणिया, मुकेश भाटी, जयेश सोलंकी, मुकेश मेघवंशी, श्रीमहंत श्रद्धापुरी, श्रीमहंत दयापुरी, माँ शिवानी, प्रज्ञानंद, ओमजी महाराज, लाल महाराज सहित अनेक संत, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।



