पाली में रेलवे सुविधाओं और अंडरब्रिज निर्माण को लेकर इंटक ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को सौंपा ज्ञापन

पाली : शहर में रेलवे से जुड़ी जनसमस्याओं और अधूरी सुविधाओं को लेकर राष्ट्रीय मिल मजदूर इंटक कांग्रेस ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगों के समाधान की मांग उठाई। इंटक नेताओं ने रेल मंत्री से मुलाकात कर रेलवे ओवरब्रिज, अंडरब्रिज और रेलवे स्टेशन विस्तार सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
राष्ट्रीय मिल मजदूर इंटक कांग्रेस अध्यक्ष बद्रीलाल जोशी और जिला महामंत्री भंवर राव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में इंटक पदाधिकारी एवं कांग्रेसजन शुक्रवार को रेल मंत्री से मिले। प्रतिनिधिमंडल ने सरदार पटेल नगर एवं सुभाष नगर-ए के बीच स्थित रेलवे ओवरब्रिज 95-C के नीचे प्रस्तावित सुरक्षा दीवार में आमजन की आवाजाही के लिए दो फीट का रास्ता छोड़ने की मांग रखी।
इसके साथ ही सर्वोदय नगर अंडरब्रिज 95-D के पुनर्निर्माण को उच्च गुणवत्ता और तकनीकी विशेषज्ञों की निगरानी में करवाने की मांग भी की गई। इंटक नेताओं ने मण्डिया रोड स्थित राजकीय कर्मचारी बीमा निगम रेफरल चिकित्सालय को राजस्थान के कोटा मॉडल की तर्ज पर केंद्र सरकार में मर्ज करने की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने पाली रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों पर भी चर्चा की। रेल मंत्री ने पाली रेलवे स्टेशन के विस्तार की जानकारी देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
इस दौरान पाली से सीधी रात्रिकालीन दिल्ली रेल सेवा शुरू करने पर इंटक पदाधिकारियों ने रेल मंत्री का माल्यार्पण और गुलाब पुष्प भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में महाराजा श्री उम्मेद मिल इंटक अध्यक्ष गिरधारीलाल बंजारा, महामंत्री जगदीश बंजारा, नारायणलाल चौहान, नाथूलाल बंजारा, ओमप्रकाश बंजारा, कृष्णाराम बंजारा, महबूब खान, पूर्व पार्षद जुगराज चौहान सहित बड़ी संख्या में इंटक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



