पाली में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, ANTF और पुलिस ने गांव-गांव जनजागरण का लिया संकल्प

पाली : राजस्थान को नशामुक्त बनाने की मुहिम के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पुलिस प्रशासन ने पाली में व्यापक जनजागरण अभियान शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। शनिवार को भालेलाव रोड स्थित एएनटीएफ कार्यालय में आयोजित जागरूकता एवं समन्वय बैठक में नशे के बढ़ते खतरे और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर रणनीति तैयार की गई।
बैठक का आयोजन अतिरिक्त महानिदेशक Dinesh M. N. तथा एएनटीएफ के महानिरीक्षक Vikas Kumar के निर्देशों पर किया गया। कार्यक्रम में एएनटीएफ पाली चौकी प्रभारी सूरजभान सिंह राणावत एवं वागाराम के आतिथ्य में नशा मुक्ति केंद्रों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। इसके लिए पुलिस और आमजन की सहभागिता से गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। लोगों से अपील की गई कि वे नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करें और मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध बिक्री की सूचना तुरंत पुलिस और एएनटीएफ को दें।
इस दौरान एएनटीएफ टीम ने पिछले तीन महीनों में जिलेभर में की गई कार्रवाई और नशीले पदार्थों की जब्ती का ब्यौरा भी साझा किया। स्वयंसेवकों ने युवाओं को नशे से दूर रखने और जागरूकता फैलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। बैठक में कालूराम कालीराणा, महेंद्र मेंदा, सुभाष मुंड, मनोहर गिरी गोस्वामी, मनोज, अजीत, किशन, रमेश और भूपेंद्र सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे।



