google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

टोंक में गूंजे गांधी के विचार, सर्वोदय संकल्प शिविर में युवाओं ने लिया सामाजिक बदलाव का संकल्प

पाली : महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय सर्वोदय संकल्प शिविर में राजस्थानभर से आए प्रतिनिधियों ने गांधीवादी विचारधारा को मजबूत करने का संकल्प लिया। टोंक रोड स्थित बाड़ा पदमपुरा में आयोजित इस आवासीय शिविर में पाली जिले का प्रतिनिधित्व युवा जिला कॉर्डिनेटर जोगाराम सोलंकी ने किया।

महात्मा गांधी जीवन दर्शन संस्थान द्वारा आयोजित शिविर का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया युद्ध, हिंसा, कट्टरता और असहिष्णुता जैसी चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे दौर में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, प्रेम, करुणा और सहअस्तित्व के विचार पूरी मानवता को शांति का मार्ग दिखाते हैं।

उन्होंने कहा कि शक्तिशाली होने का अर्थ हिंसा और विनाश नहीं, बल्कि मानवता की रक्षा और संवाद स्थापित करने की क्षमता होना चाहिए। गांधीवादी विचार आज भी समाज और विश्व को सकारात्मक दिशा देने की ताकत रखते हैं। उन्होंने युवाओं से गांधी दर्शन को जीवन में उतारने और समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।

युवा जिला कॉर्डिनेटर जोगाराम सोलंकी ने बताया कि शिविर में गांधी दर्शन, भारत निर्माण, संविधान, सामाजिक सरोकार और जनजागरण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तृत प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राजीव अरोड़ा, प्रदेश संयोजक श्याम सुंदर जोश, आरपीएससी के पूर्व अध्यक्ष बी.एन. शर्मा तथा दिल्ली से आए प्रशिक्षक सचिन राव, संदीप दीक्षित और विक्रम स्वामी ने विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन किया।

पाली जिले से गिरधारीसिंह राजपुरोहित और धर्मेंद्र गोयल भी कार्यक्रम में शामिल हुए। शिविर के समापन पर सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों और गांधीवादी विचारधारा के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और इसे नई पीढ़ी को गांधीवादी सोच से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button