पाली : शनिधाम में 400 प्रतिभाओं का सम्मान, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर बोले- शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी ताकत

पाली : जिले के गोल निबड़ा स्थित शनिधाम में रविवार को आयोजित “बाबा साहेब प्रतिभा सम्मान समारोह” में शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने प्रदेशभर से आए मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। समारोह में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 400 होनहार विद्यार्थियों को पुरस्कार और सम्मान पत्र प्रदान किए गए।

दाती सेवा संस्थान एवं वादी नट भाट जागृति संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह में मंत्री मदन दिलावर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षित बनकर समाज, प्रदेश और देश की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा के माध्यम से नई ऊंचाइयों को हासिल किया जा सकता है।

यह समारोह स्वामी निजस्वरूपानंदपुरी के सान्निध्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए विद्यार्थियों और उनके परिजनों की भारी भीड़ देखने को मिली। आयोजकों ने बताया कि समारोह में पाली, जोधपुर, जालौर, सिरोही, बाड़मेर, सांचोर, बालोतरा, नागौर और ब्यावर जिलों के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों को उनके अंकों और उपलब्धियों के आधार पर तीन अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। मंच से मेधावी विद्यार्थियों की सफलता की कहानियां साझा की गईं, जिससे अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिली।

कार्यक्रम में शनिधाम पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर परमहंस स्वामी निजस्वरूपानंदपुरी जी महाराज (दाती महाराज), समाजसेवी मेघराज सिंह, हरजेश नाराणिया, सागर नाराणिया, मुकेश भाटी, जयेश सोलंकी, मुकेश मेघवंशी, श्रीमहंत श्रद्धापुरी, श्रीमहंत दयापुरी, मां शिवानी, प्रज्ञानंद, ओम जी महाराज, लाल महाराज, पहलाद कंडारा सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पूरे आयोजन में शिक्षा के प्रति जागरूकता, प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और सामाजिक एकता का संदेश देखने को मिला। समारोह को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में खासा उत्साह नजर आया।




