google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : बालिकाओं को सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश, 149 महिलाओं ने लिया जागरूकता शिविर में भाग

पाली : महिला अधिकारिता विभाग के निर्देशन में सोमवार को पाली के राजश्री इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बालिकाओं और महिलाओं को सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और बाल विवाह रोकथाम को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन लघु उद्योग भारती सेवा समिति द्वारा संचालित 40 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर के तहत किया गया, जिसमें 149 बालिकाओं एवं महिलाओं ने भाग लिया।

महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक भागीरथ चौधरी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केंद्र प्रबंधक प्रियंका व्यास ने महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा, पोषण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में पॉक्सो एक्ट को लेकर भी विशेष जागरूकता दी गई। प्रियंका व्यास ने बच्चों के साथ होने वाले लैंगिक अपराधों, उनसे बचाव और कानूनी संरक्षण से जुड़े प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि जागरूकता ही बच्चों की सुरक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है।

इस दौरान विवाह पूर्व संवाद केंद्र “तेरे मेरे सपने” की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि यह केंद्र युवाओं और परिवारों को वैवाहिक जीवन से पहले आवश्यक परामर्श और सकारात्मक संवाद का मंच उपलब्ध कराता है, जिससे स्वस्थ और जिम्मेदार पारिवारिक वातावरण विकसित हो सके।

कार्यक्रम में परामर्शदाता भाग्यश्री ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए कहा कि कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित होती है और उन्हें स्वास्थ्य, सामाजिक तथा आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बाल विवाह निषेध कानून और बालिकाओं के अधिकारों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को बाल विवाह रोकने तथा बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने का संकल्प दिलाया गया।

शिविर संचालिका सुमन सेन ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में महिलाओं और बालिकाओं को निःशुल्क सिलाई, ब्यूटी पार्लर और मेहंदी कला का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button