पाली : वरिष्ठ नागरिकों को प्रदेश स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी, तीन पदाधिकारी राज्य कार्यकारिणी में शामिल

पाली : अखिल भारतीय वरिष्ठ नागरिक महासंघ से मान्यता प्राप्त प्रदेश संगठन ‘वरिष्ठ नागरिक संस्थान राजस्थान’ की नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन में पाली को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। वर्ष 2026-29 के त्रैवार्षिक अध्यक्षीय चुनाव के बाद प्रदेशाध्यक्ष भंवर सेठ ने महामंत्री मदनलाल खटोड़ के परामर्श से नई कार्यकारिणी घोषित की, जिसमें पाली की संबद्ध संस्था ‘वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान पाली’ के तीन प्रमुख पदाधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नई घोषणा के अनुसार संस्था के सभाध्यक्ष देवराज शर्मा को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं संस्था के अध्यक्ष लखपतराज सिंघवी तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष घनश्याम भटनागर को प्रदेश संगठन की परामर्शदात्री समिति में परामर्शदाता के रूप में शामिल किया गया है।

संस्थान लंबे समय से वरिष्ठ नागरिकों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाता आ रहा है। संस्था द्वारा राजकीय चिकित्सा सुविधाएं, स्वास्थ्य योजनाएं, यात्रा रियायतें, पेंशन संबंधी समस्याएं, कानूनी सहायता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्यों में लगातार सहयोग किया जाता है। इसके अलावा राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भी संस्था की सक्रिय भागीदारी रहती है। वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान और उन्हें राहत दिलाना संस्थान का मुख्य उद्देश्य माना जाता है।

पाली के तीन पदाधिकारियों को प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी मिलने से शहर के सामाजिक और वरिष्ठ नागरिक संगठनों में खुशी का माहौल है। समाजसेवी भंवर लाल लखेरा, दिनेश चंद मेहता, डॉ मोतीलाल परमार, गिरधारी लाल जाट सहित अनेक पदाधिकारियों और सदस्यों ने नव मनोनीत पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशाध्यक्ष भंवर सेठ और महामंत्री मदनलाल खटोड़ का आभार जताया।
संस्थान के महासचिव कैलाश चंद्र शर्मा ने इसे पाली जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि प्रदेश संगठन में पाली को मिला यह प्रतिनिधित्व वरिष्ठ नागरिकों की आवाज को और अधिक मजबूती देगा।



