पाली : जिला कलक्टर की सख्ती, गर्मी, पानी-बिजली संकट और ‘वंदे गंगा’ अभियान को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

पाली : जिला कलक्टर की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलक्टर कार्यालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें गर्मी के मौसम को देखते हुए पानी-बिजली व्यवस्था, हीट वेव प्रबंधन और “वंदे गंगा अभियान” की प्रगति को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पेयजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने अधिकारियों को हीट वेव से बचाव के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

समीक्षा बैठक में “वंदे गंगा अभियान” के तहत जिले में चल रही गतिविधियों और जनभागीदारी की भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अभियान से जुड़ी गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से ऐप पर अपलोड करने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जनसुनवाई, जयपुर स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न बैठकों की तैयारियों और विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। बैठक में पौधारोपण अभियान, चिकित्सा व्यवस्थाओं और अन्य प्रशासनिक गतिविधियों को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रभा, उपखंड अधिकारी विमलेंद्र राणावत सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




