google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थानराज्य

पाली की पिंजरापोल गौशाला से जल संरक्षण का संदेश, मंत्री झाबर सिंह खर्रा बोले- पानी की हर बूंद बचाना जरूरी

पाली : जिला प्रभारी मंत्री एवं नगरीय विकास राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि जल जीवन का आधार है और इसकी एक-एक बूंद को बचाना आज समय की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है। उन्होंने आमजन से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि पानी का सुरक्षित संग्रहण और सदुपयोग भविष्य की पीढ़ियों के लिए बेहद जरूरी है।

प्रभारी मंत्री बुधवार को शहर की पिंजरा पोल गौशाला में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप पूरे प्रदेश में जल संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को लेकर अभियान चलाया जा रहा है, ताकि सरकार के साथ-साथ आमजन भी इसमें भागीदार बनें और जल के महत्व को समझें।

उन्होंने कहा कि मानव जीवन, पशु-पक्षियों और पर्यावरण के लिए जल अत्यंत महत्वपूर्ण है। दैनिक जीवन के हर कार्य में पानी की आवश्यकता होती है, इसलिए जल संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने गौ माता का पूजन कर उन्हें गुड़ और चारा खिलाया। इसके बाद उन्होंने गौशाला परिसर का अवलोकन किया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख और पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जल संरक्षण और गौसेवा के महत्व पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम से पूर्व अतिथियों का स्वागत किया गया। आयोजन में जिला कलेक्टर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, सीईओ मुकेश चौधरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेंद्र मेहता, उपखंड अधिकारी विमलेंद्र राणावत, गौशाला अध्यक्ष विनय भंसाली, देवीलाल सांखला, गुमानमल भंसाली, रजनीश कर्णावट, महावीर मेहता, अशोक पंवार सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button