google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली की मुक्केबाज सुमन कुमारी का राष्ट्रीय चयन ट्रायल में चयन, एशियन चैंपियनशिप के लिए पेश करेंगी दावेदारी

पाली : पाली जिले की उभरती मुक्केबाज सुमन कुमारी एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का नाम रोशन करने जा रही हैं। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ के तत्वावधान में 28 मई से 4 जून 2026 तक नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) पटियाला, पंजाब में आयोजित होने वाले भारतीय टीम चयन ट्रायल में सुमन कुमारी राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी।

यह चयन ट्रायल जुलाई में जकार्ता, इंडोनेशिया में आयोजित होने वाली एशियन अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए आयोजित किए जा रहे हैं। सुमन 48 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करेंगी।

सुमन इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। उन्होंने यूथ एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप बैंकॉक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसके अलावा आयरलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में भी वे भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं।

खेल जगत में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही सुमन यूथ नेशनल चैंपियन, खेलो इंडिया यूथ गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता और हाल ही में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता की कांस्य पदक विजेता भी रह चुकी हैं।

उनके लगातार बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए राजस्थान मुक्केबाजी संघ ने उन्हें भारतीय टीम चयन ट्रायल के लिए चुना है। सुमन की इस उपलब्धि पर पाली जिला बॉक्सिंग संघ और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

पाली जिला बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा तथा बॉक्सिंग कोच दिलीप गहलोत सहित पूरे पाली बॉक्सिंग परिवार ने सुमन को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button