पाली : प्रभारी मंत्री झाबर सिंह खर्रा की सख्त समीक्षा, गर्मी में पानी-बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

पाली : जिला प्रभारी मंत्री एवं नगरीय विकास राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बुधवार को सर्किट हाउस में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर गर्मी के मौसम में आमजन को राहत पहुंचाने के लिए पानी, बिजली और चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भीषण गर्मी के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने पेयजल आपूर्ति और निर्बाध बिजली व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के समय पानी और बिजली आमजन की सबसे बड़ी जरूरत है, इसलिए शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने चिकित्सा विभाग एवं बांगड़ चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। मौसमी बीमारियों, ओपीडी व्यवस्था, हीटवेव से बचाव और अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा संसाधनों को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं और विकास कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने पीडब्ल्यूडी विभाग को सड़क एवं निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा पंच गौरव, राजउन्नति, भूखंड आवंटन, सहकारिता, कृषि, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजनाओं, पालनहार योजना, उद्योग विभाग, नगर निगम, यूआईटी, प्रदूषण नियंत्रण मंडल और ड्रेनेज सिस्टम की भी समीक्षा की गई। आगामी मानसून और बारिश को देखते हुए अधिकारियों को पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रभारी मंत्री ने “वंदे गंगा अभियान” और “हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा जनभागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
बैठक में जिला कलेक्टर ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर मोनिका सेन, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, एडीएम ओम प्रभा, सीईओ मुकेश चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



