
पाली : भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के तहत भाजपा जिला कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम एवं किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण, पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अभियान के संभाग प्रभारी सी.आर. चौधरी ने कहा कि जल संरक्षण हमारी परंपरा और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहा है, लेकिन वर्तमान समय में जल के उपयोग और संचय को लेकर बढ़ती लापरवाही आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर संकट खड़ा कर सकती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेशभर में 25 मई से शुरू किए गए “वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान” के तहत पुराने कुओं, बावड़ियों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों की सफाई एवं मरम्मत कर उन्हें पुनर्जीवित करने का कार्य किया जा रहा है।

किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कैलाश चौधरी ने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों और योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय में बढ़ोतरी संभव है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा संचालित किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भण्डारी ने किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए जागरूक किया तथा किसानों की समस्याओं से भी नेतृत्व को अवगत कराया।
कार्यक्रम में अभियान के संभाग सहप्रभारी जगदीश देवासी, मारवाड़ विधायक केसाराम चौधरी, पूर्व मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व विधायक संजना आगरी एवं पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा ने भी अपने विचार रखे।

इस दौरान जिला महामंत्री दिग्विजयसिंह, नारायण कुमावत, अभियान जिला संयोजक तिलोक चौधरी, किसान नेता गिरधारी सिंह मंडली, पूखराज पटेल, रेखा जैन, राहुल मेवाड़ा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



