ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई में समस्याओं का मौके पर समाधान, 60 नामांतरण सहित कई प्रकरण निपटाए

पाली : जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में शुक्रवार को ग्राम पंचायत सोनाईमांझी में विशेष ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई। शिविर में राजस्व, चिकित्सा, जलदाय, विद्युत, पशुपालन, समाज कल्याण एवं ग्राम पंचायत स्तर से संबंधित मामलों का त्वरित निस्तारण किया गया।
शिविर के दौरान राजस्व विभाग द्वारा 60 नामांतरण प्रकरणों का निस्तारण किया गया, वहीं आपसी विभाजन के 3 लंबित मामलों का भी समाधान किया गया। इसके अलावा 2 मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा धारा 136 अंतर्गत 36 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। एक सहायता प्रकरण का भी समाधान किया गया तथा जन्म-मृत्यु से संबंधित 5 आज्ञापत्र जारी किए गए।

ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया तथा विवाह एवं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े 3 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। साथ ही 2 नरेगा जॉब कार्ड भी वितरित किए गए।
चिकित्सा विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 40 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर दवाइयों का वितरण किया गया। जलदाय विभाग ने पाइपलाइन से संबंधित एक परिवाद का मौके पर निस्तारण किया, जबकि विद्युत विभाग ने मीटर सुधार एवं बिल संशोधन के दो मामलों का समाधान किया।

पशुपालन विभाग द्वारा 3 पशुओं का बीमा किया गया तथा 44 पशुओं का उपचार किया गया। वहीं समाज कल्याण विभाग ने 3 पालनहार योजना एवं 8 सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण कर पात्र लोगों को राहत पहुंचाई।
शिविर में कुल 12 परिवाद प्राप्त हुए, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। प्रशासन की ओर से सभी प्रकरणों को संपर्क पोर्टल के निर्धारित मॉड्यूल में दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
ग्रामीणों ने जनसुनवाई शिविर में विभिन्न विभागों की त्वरित कार्यवाही और मौके पर समाधान की सराहना करते हुए इसे आमजन के लिए राहतकारी पहल बताया।




