पाली में वैष्णव प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित, अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने की अभियान की सराहना

पाली : शिक्षा को बढ़ावा देने और समाज की प्रतिभाओं को नई उड़ान देने के उद्देश्य से वैष्णव समाज (च.स.) वेलफेयर सोसाइटी जिला पाली द्वारा आयोजित वैष्णव प्रतिभा पुरस्कार सम्मान समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह के सानिध्य में जिलेभर के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में वैष्णव वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित “वैष्णव शिक्षा सारथी अभियान-2026” को समाज में शिक्षा जागरूकता का एक प्रेरणादायक अभियान बताया गया। भामाशाह केसुदास वैष्णव काराडी ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में प्रतिभा होती है। यदि किसी कारणवश कोई विद्यार्थी अपेक्षित अंक प्राप्त नहीं कर पाता तो उसे निराश होने की बजाय प्रोत्साहित कर शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखना समाज की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

गांव-गांव पहुंचकर हो रहा प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम संयोजक आर.डी. वैष्णव एवं कालूदास वैष्णव ने बताया कि अभियान के तहत पाली जिले के गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा रहा है। विद्यार्थियों को बैग, पानी की बोतल, नोटबुक, पेन और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि समाजबंधुओं, भामाशाहों, दानदाताओं और युवाओं के सहयोग से यह अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है, जिससे शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हो रहा है।
श्रेष्ठ विद्यार्थियों को मिले डिजिटल टैबलेट
समारोह में कक्षा 12वीं के दो श्रेष्ठ विद्यार्थियों को भामाशाह केसुदास वैष्णव काराडी के सहयोग से डिजिटल टैबलेट भेंट कर सम्मानित किया गया।
कृष्णा वैष्णव (पुत्री श्यामदास वैष्णव) ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया।
भावेश वैष्णव (पुत्र ललितदास वैष्णव) ने 94.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वहीं ग्राम पंचायत खिंवाड़ा के प्रशासक एवं भामाशाह श्रीपाल वैष्णव ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मार्ट वॉच भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मानित विद्यार्थियों में अंजलि वैष्णव, प्रिया कुमारी वैष्णव, कोमल वैष्णव, काजल रामावत, ख्वाहिश वैष्णव, निशा वैष्णव, खुशी वैष्णव, मोनिका वैष्णव एवं हेतल वैष्णव शामिल रहीं।

शिक्षा और नशामुक्ति का भी दिया संदेश
समारोह के दौरान विद्यार्थियों और समाजबंधुओं ने शिक्षा को बढ़ावा देने, नशामुक्त समाज के निर्माण तथा धूम्रपान जैसी बुराइयों से दूर रहने का संकल्प लिया।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह ने वैष्णव शिक्षा सारथी अभियान की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन नहीं करता, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल भी तैयार करता है। ऐसे प्रयास युवाओं को आगे बढ़ने और बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में महामंडल अध्यक्ष मानक चंद्र वैष्णव, सुनीता वैष्णव, प्रेमलता वैष्णव, चंद्रिका वैष्णव, मोनिका वैष्णव, विजेंद्र वैष्णव, भूरदास वैष्णव, राजेंद्र वैष्णव, दिनेश वैष्णव, देवेंद्र वैष्णव, भूपेंद्र वैष्णव, जगदीश मानपुरा, महेंद्र वैष्णव, सिद्धार्थ वैष्णव सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आर.डी. वैष्णव ने किया।



