राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ का विस्तार, विक्रम सिंह परिहार बने जिला मीडिया प्रभारी

पाली : राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। संगठन के इस कदम को जिले में शिक्षक हितों की आवाज को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संघ के जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा एवं जिला मंत्री रतनलाल बारूपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष राधेश्याम सोनी, प्रदेश संयुक्त महिला मंत्री कृष्णा शर्मा तथा प्रदेश संयुक्त मंत्री जबरसिंह राठौड़ के निर्देशानुसार कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है।
इसी क्रम में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मिल क्षेत्र में कार्यरत सहायक प्रशासनिक अधिकारी विक्रम सिंह परिहार को संगठन का जिला मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया है। उनकी नियुक्ति से संगठन की गतिविधियों, शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों और विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचाने में मजबूती मिलेगी।
संघ पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि विक्रम सिंह परिहार अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षक वर्ग की समस्याओं के समाधान और संगठन के विस्तार के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
नवनियुक्त जिला मीडिया प्रभारी विक्रम सिंह परिहार ने संगठन नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे तथा संगठन की नीतियों एवं गतिविधियों को अधिक से अधिक शिक्षकों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।



