google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

वरिष्ठ नागरिक समिति की मासिक बैठक में सम्मान और अनुशासन पर जोर, ‘सफल जीवन का आधार’ पुस्तक का हुआ विमोचन

पाली : वरिष्ठ नागरिक समिति की मासिक बैठक रविवार को करण सिंह चाली स्थित सभागार में जिला अध्यक्ष डॉ. रामलाल मोहबारशा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सामाजिक सरोकारों, संगठनात्मक अनुशासन और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान समाज हित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया गया तथा आध्यात्मिक एवं जीवन मूल्यों पर आधारित पुस्तक ‘सफल जीवन का आधार’ का विमोचन भी किया गया।

बैठक की शुरुआत समिति के महामंत्री नरपत सिंह कुंपावत द्वारा पिछले माह की कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ हुई। रिपोर्ट को उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।

मई माह में जन्मदिवस मनाने वाले वरिष्ठ सदस्यों भगवान सहाय ओझा, हंसा राम चौधरी और रामावतार शर्मा का समिति की ओर से सम्मान किया गया। जिला अध्यक्ष डॉ. मोहबारशा ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की कामना की।

बैठक का मुख्य आकर्षण लेखक रामजीवन तापड़िया द्वारा लिखित पुस्तक ‘सफल जीवन का आधार’ का विमोचन रहा। पुस्तक का विमोचन जिला अध्यक्ष डॉ. रामलाल मोहबारशा, संरक्षक डॉ. के.एम. शर्मा, महामंत्री नरपत सिंह कुंपावत, सचिव दिनेश दवे, कोषाध्यक्ष गोपालदास मुंदड़ा, उपाध्यक्ष अंबालाल सोलंकी और सुवालाल पेड़ीवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया।

इस अवसर पर लेखक रामजीवन तापड़िया ने बताया कि यह उनकी 15वीं पुस्तक है, जिसे जनकल्याण और समाज में सकारात्मक विचारों के प्रसार के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है। उन्होंने कहा कि जीवन में ईश्वर के प्रति समर्पण दिखावे के लिए नहीं बल्कि सच्ची श्रद्धा और सेवा भाव से होना चाहिए। पुस्तक में आध्यात्मिकता, नैतिक मूल्यों और मानव जीवन की सार्थकता से जुड़े विषयों को प्रमुखता से शामिल किया गया है।

बैठक में पूर्व अधीक्षण अभियंता (विद्युत) पूनम सिंह राठौड़ और एल.पी.आर. मेहता का भी सम्मान किया गया। समिति ने पूनम सिंह राठौड़ को ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था सुधारने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि राठौड़ के प्रयासों से नारलाई क्षेत्र में नई डीपी स्थापित करवाई गई, जिससे बार-बार बिजली कटौती की समस्या में काफी हद तक सुधार हुआ और विभिन्न समुदायों के सैकड़ों परिवारों को राहत मिली। इसी जनहितकारी कार्य के लिए उनका सम्मान किया गया।

बैठक में संगठनात्मक अनुशासन पर भी विशेष चर्चा हुई। जिला अध्यक्ष डॉ. रामलाल मोहबारशा ने समिति के संविधान का उल्लेख करते हुए बताया कि संगठन हितों के विपरीत गतिविधियों के कारण दो सदस्यों की सदस्यता समाप्त की गई है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में भी यदि कोई सदस्य समिति के उद्देश्यों और हितों के विरुद्ध कार्य करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संगठन की एकता और गरिमा बनाए रखना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है।

बैठक में गणपत सिंह दहिया, लूण सिंह राठौड़, विष्णु कुमार गोयल, विनोद कुमार शर्मा, मदनलाल व्यास, पी.सी. शाह, विट्ठलभाई साखला, हिमताराम फुलवारी, गौतमचंद यति, ओटाराम सोलंकी, सुरेश कुमार जालोरा, राधेश्याम भाटी, राजेश अरोड़ा, धनसिंह बड़गूजर, सुनील कुमार टाक, ज्ञानसिंह बेस, रामदयाल गांधी, वृद्धिचंद मेवाड़ा, लक्ष्मण सिंह गहलोत, भूपेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में महामंत्री नरपत सिंह कुंपावत ने सभी अतिथियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा समाज सेवा और जनहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button