पाली : बजरंग दल का दो दिवसीय अभ्यास वर्ग सम्पन्न, 110 कार्यकर्ताओं को मिला वैचारिक और संगठनात्मक प्रशिक्षण

पाली : मंडिया रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में बजरंग दल का दो दिवसीय जिला स्तरीय अभ्यास वर्ग शनिवार को उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में सम्पन्न हुआ। वर्ग में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 110 कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठनात्मक, वैचारिक, सामाजिक एवं शारीरिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, राम दरबार एवं भगवान हनुमान के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में विश्व हिन्दू परिषद के प्रांत मंत्री परमेश्वर जोशी, जिला अध्यक्ष नरेंद्र माछर, जिला मंत्री बाबूलाल कुमावत, किशन सीरवी, अनिल चौहान एवं जगदीश सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिला मंत्री बाबूलाल कुमावत ने वर्ग की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए बताया कि पाली जिले के छह प्रखंडों से आए कार्यकर्ताओं को दो दिनों तक संगठन की कार्यप्रणाली, सामाजिक दायित्वों, सेवा कार्यों एवं नेतृत्व क्षमता से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। वर्ग की व्यवस्थाओं में 20 कार्यकर्ताओं की विशेष टोली सक्रिय रही।

अभ्यास वर्ग के दौरान कुल पांच प्रमुख सत्र आयोजित किए गए, जिनमें संगठनात्मक संरचना, कार्यकर्ता निर्माण, सामाजिक जागरूकता, सेवा गतिविधियों और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। प्रतिदिन प्रार्थना, हनुमान चालीसा पाठ, योग, शारीरिक अभ्यास, खेल, समूह चर्चा एवं बौद्धिक सत्रों का आयोजन किया गया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए विहिप प्रांत मंत्री परमेश्वर जोशी ने कहा कि बजरंग दल समाज सेवा, सांस्कृतिक जागरण और युवा संगठन का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना के साथ कार्य करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने समाज में एकता और संगठन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि संगठित समाज ही मजबूत राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला बनता है।
जिला सह मंत्री किशन सीरवी एवं अनिल चौहान ने कार्यकर्ता के गुण, वार्षिक कार्यक्रमों और संगठनात्मक संरचना पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक आदर्श कार्यकर्ता में सेवा, समर्पण, साहस, अनुशासन और संगठन के प्रति निष्ठा जैसे गुण होना आवश्यक है।
उन्होंने आगामी कार्यक्रमों और समाज जागरण अभियानों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक संगठनात्मक गतिविधियों को पहुंचाने का आह्वान किया।

वर्ग के दौरान जिला प्रचार प्रमुख मनीष सेन एवं जिला सह मंत्री प्रवीण सीरवी ने सामाजिक चुनौतियों, कानूनी जागरूकता, गौ संरक्षण, सेवा गतिविधियों और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने युवाओं से समाजहित में जागरूक और जिम्मेदार भूमिका निभाने की अपील की।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए विहिप प्रांत सह प्रसार प्रमुख नरेश बोहरा ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके कार्यकर्ताओं के चरित्र, संस्कार और आचरण में निहित होती है। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक दायित्वों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

वर्ग के समापन पर जिला अध्यक्ष नरेंद्र माछर ने जिले भर से आए कार्यकर्ताओं और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रांत सुरक्षा प्रमुख अनिल चौहान, बाबूलाल कुमावत, जगदीश सिंह, भीमराज चौधरी, गणेशाराम कुमावत, किशन सीरवी, हंसमुख गहलोत, आनंदस्वरूप गुप्ता, कैलाश जीनगर, सुरेश चौधरी, बाबूदास वैष्णव, कैलाश कुमावत, श्रवण भीलवाड़ा, दुर्गेश चौहान, महेंद्र प्रजापत, रमेश थावानी, प्रताप सिंह, रामसुख पायक, गौरव शर्मा, गोविंद मेघवाल, अशोक बंजारा, प्रमोद गौड़ सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



