7 जून को जोधपुर में होगा चौथा विशाल रक्तदान शिविर, विधायक राणावत ने किया पोस्टर विमोचन

बाली/बीजापुर : समाज सेवा और मानव जीवन बचाने के संकल्प के साथ स्वर्गीय जालम सिंह महेचा (RPS) की स्मृति में आगामी 7 जून को जोधपुर के होटल सिद्धार्थ पैलेस, कायलाना रोड पर आयोजित होने वाले चौथे विशाल रक्तदान शिविर के पोस्टर का विमोचन मंगलवार को बीजापुर में किया गया। कार्यक्रम में बाली विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राणावत मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाली चैन सिंह महेचा, थानाधिकारी बाली पर्वत सिंह भाटी, सालासर सेवा संस्थान जोधपुर के अरविंद कच्छवाह, गणपत सिंह, मोहन देवासी, लीलावत सिंह, फूल सिंह सहित बाली-सुमेरपुर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
पोस्टर विमोचन के दौरान विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने कहा कि जोधपुर संभाग के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में गंभीर मरीज उपचार के लिए जोधपुर रेफर होकर आते हैं। ऐसे में अस्पतालों में रक्त की मांग लगातार बनी रहती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाना सबसे बड़ी मानव सेवा है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को इस अभियान से जुड़ना चाहिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चैन सिंह महेचा ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय जालम सिंह महेचा, राजस्थान पुलिस के ख्यातिप्राप्त अधिकारियों में शामिल रहे हैं। उप अधीक्षक पुलिस के रूप में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए भारत सरकार ने उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया था। उन्होंने कहा कि पिता के सामाजिक सरोकारों और जनकल्याण की भावना से प्रेरणा लेकर वे वर्षों से युवाओं, सामाजिक संस्थाओं और पुलिस विभाग के सहयोग से रक्तदान शिविरों का आयोजन कर रहे हैं।
चैन सिंह महेचा ने बताया कि आयोजित रक्तदान शिविरों के माध्यम से अब तक जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल (MGH), मथुरादास माथुर अस्पताल (MDM), उम्मेद अस्पताल और AIIMS जोधपुर को हजारों यूनिट रक्त उपलब्ध कराया जा चुका है। इसके अलावा उनकी टीम आपातकालीन परिस्थितियों, सड़क दुर्घटनाओं, ट्रॉमा मामलों और थैलेसीमिया पीड़ित मरीजों के लिए कॉल मिलने पर तत्काल रक्त, प्लेटलेट्स और प्लाज्मा उपलब्ध करवाकर जीवन बचाने का कार्य करती है।
उन्होंने बताया कि पिछले रक्तदान शिविर में लगभग 500 यूनिट रक्त सरकारी ब्लड बैंकों को उपलब्ध कराया गया था, जो अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत और चैन सिंह महेचा ने जोधपुर संभाग के सभी जिलों के युवाओं, पुलिसकर्मियों, चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मचारियों तथा बीएसएफ के अधिकारियों और जवानों से 7 जून को आयोजित होने वाले इस विशाल रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने और मानव जीवन बचाने के इस महाअभियान का हिस्सा बनने की अपील की।
आयोजकों का कहना है कि यह शिविर केवल रक्तदान कार्यक्रम नहीं, बल्कि मानवता, सामाजिक सहयोग और जीवन रक्षा का एक व्यापक अभियान है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी से जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने का प्रयास किया जाएगा। 7 जून को जोधपुर में होने वाला यह रक्तदान महाअभियान संभाग के सबसे बड़े सामाजिक आयोजनों में से एक माना जा रहा है।



