google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

खरीफ सीजन से पहले किसानों को मिला बड़ा मार्गदर्शन, जल संरक्षण और प्राकृतिक खेती पर जोर

पाली : खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच कृषि विभाग द्वारा आत्मा योजना के तहत आयोजित ब्लॉक स्तरीय किसान गोष्ठी किसानों के लिए उपयोगी जानकारी और नई तकनीकों का महत्वपूर्ण मंच बनी। आत्मा सभागार, पाली में आयोजित इस गोष्ठी में करीब 100 किसानों ने भाग लेकर कृषि, उद्यानिकी और जल संरक्षण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) पाली रमेशचन्द आमेटा ने राज्य सरकार के ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जनभागीदारी अभियान’ की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों से वर्षा जल संरक्षण को खेती का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जल संकट से निपटने के लिए खेत स्तर पर जल संचयन के उपायों को अपनाना समय की आवश्यकता है। इस दौरान उपस्थित किसानों और विभागीय कर्मचारियों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।

उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा प्रदीप कुमार छाजेड़ ने किसानों को प्राकृतिक खेती और परम्परागत कृषि विकास योजना की जानकारी देते हुए रासायनिक खेती पर निर्भरता कम करने और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत कम होने के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरता भी लंबे समय तक बनी रहती है।

उद्यान विभाग की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उप निदेशक उद्यान डॉ. मनोज अग्रवाल ने किसानों को ड्रिप सिंचाई, फव्वारा सिंचाई, सोलर पंप, बगीचा स्थापना तथा शेडनेट हाउस जैसी योजनाओं के लाभ बताए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से पानी की बचत के साथ उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि संभव है।

सहायक निदेशक कृषि (मुख्यालय) फुलाराम ने विभागीय योजनाओं के तहत फार्म पॉण्ड, तारबंदी, पाइपलाइन और कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी देते हुए किसानों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान सोलर पंप के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले किसानों मांगीलाल, भंवरी देवी एवं मांगीलाल (मानपुरा भाखरी) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विभागीय अधिकारियों ने इन किसानों को अन्य कृषकों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

गोष्ठी में कृषि विज्ञान केन्द्र पाली के प्रभारी डॉ. मनोज कुमार, सहायक निदेशक कृषि अशोक कुमार राजपुरोहित, कृषि अनुसंधान अधिकारी, कृषि अधिकारी, सहायक कृषि अधिकारी तथा कृषि पर्यवेक्षक सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button