google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

लाखोटिया तालाब पर स्काउट-गाइड का जल बचाओ अभियान, पोस्टर प्रतियोगिता और स्वच्छता अभियान से दिया संरक्षण का संदेश

पाली : बढ़ती जल संकट की चुनौती और जल स्रोतों के संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड जिला मुख्यालय पाली के तत्वावधान में संचालित कला कौशल एवं अभिरुचि शिविर के प्रतिभागियों ने मंगलवार को लाखोटिया उद्यान और लाखोटिया तालाब परिसर में व्यापक जल संरक्षण जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पोस्टर प्रतियोगिता, स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से जल बचाने का संदेश दिया गया।

जिला मुख्यालय पाली द्वारा 17 मई से 20 जून 2026 तक कात्यायनी उच्च माध्यमिक विद्यालय, नयागांव में आयोजित जिला स्तरीय कला कौशल एवं अभिरुचि शिविर के अंतर्गत यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिविरार्थियों ने जल संरक्षण विषय पर आकर्षक पोस्टर बनाकर लोगों को जल के महत्व और उसके संरक्षण की आवश्यकता से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान शिविरार्थियों ने लाखोटिया तालाब क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर आसपास फैली गंदगी को हटाया तथा जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। इसके साथ ही जल संरक्षण जागरूकता रैली निकालकर नागरिकों से पानी के विवेकपूर्ण उपयोग और वर्षाजल संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश मीणा ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से गर्मी के मौसम में जल का दुरुपयोग रोकना आवश्यक है तथा सभी लोगों को अपने आसपास के तालाबों, बावड़ियों और अन्य जलाशयों की स्वच्छता बनाए रखने में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि जल स्रोत स्वच्छ रहेंगे तो वर्षा ऋतु में अधिक मात्रा में साफ और उपयोगी जल का संग्रहण संभव होगा, जिससे भविष्य में जल संकट को कम किया जा सकेगा।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) प्रवीण जांगिड़ ने भी जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विचार व्यक्त किए। वहीं सेवानिवृत्त शिक्षक एवं कात्यायनी उच्च माध्यमिक विद्यालय, नयागांव के निदेशक भीम सिंह ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया।

अभिरुचि शिविर प्रभारी निर्मल कुमार शर्मा ने कार्यक्रम का संयोजन किया, जबकि शिविर संचालक दौलत सिंह एवं नसीम बानो के निर्देशन में पोस्टर प्रतियोगिता, जागरूकता रैली और प्रकृति अवलोकन गतिविधियों का सफल आयोजन हुआ। प्रतिभागियों को प्रकृति के विभिन्न पहलुओं का अवलोकन कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में गौरव कालाणी, देवेंद्र कुमार, हिम्मत, रिया गहलोत, सुनीता बारिया, काव्य दवे, अमीषा चौहान, जयपाल सिंह, उषा बांगड़ एवं भंवरलाल सहित अभिरुचि केंद्र के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button