google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

कलेक्टर गांवों के द्वार, खिंवाड़ा और घाणेराव में जनसुनवाई, 700 ग्रामीण पहुंचे, मौके पर सुलझीं दर्जनों समस्याएं

पाली : जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी के नवाचार ‘प्रशासन गांवों के बीच’ को गुरुवार को खिंवाड़ा और घाणेराव में बड़ी सफलता मिली। दोनों ग्राम पंचायतों में आयोजित विशेष जनसुनवाई शिविरों में सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने स्वयं शिकायतें सुनकर अनेक मामलों का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत खिंवाड़ा में आयोजित विशेष जनसुनवाई शिविर में 700 से अधिक ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 80 परिवेदनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 65 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष 15 मामलों को संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में पेयजल संकट, बिजली कनेक्शन, राजस्व विवाद, आवासीय भूमि रूपांतरण और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से सामने आए। ग्रामीणों ने आवासीय कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने और कृषि भूमि पर वर्षों से बने मकानों को आवासीय श्रेणी में परिवर्तित करने की मांग रखी।

जिला कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को बिजली संबंधी मामलों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए, वहीं तहसीलदार को भूमि रूपांतरण के लंबित मामलों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए डॉ. गोस्वामी ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को सात दिवस के भीतर प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का तत्काल समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर सेवाएं उपलब्ध कराईं। ग्राम पंचायत द्वारा छह पट्टों का वितरण किया गया, जबकि राजस्व विभाग ने 12 म्यूटेशन प्रकरणों का निस्तारण किया।

पशुपालन विभाग ने 15 पशुओं का मंगला पशु बीमा किया तथा पात्र पशुपालकों को बीमा प्रमाण पत्र वितरित किए। कृषि विभाग ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगभग 300 ग्रामीणों की बीपी और शुगर जांच की गई। इसके अलावा आधार कार्ड अपडेट और ई-मित्र सेवाओं की व्यवस्था भी की गई, जिससे ग्रामीणों को मौके पर ही विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ मिला।

इसी दिन पंचायत समिति देसूरी की ग्राम पंचायत घाणेराव में ब्लॉक स्तरीय विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया गया। यहां ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और राजस्व विभाग से जुड़े लंबित मामलों को जिला कलेक्टर के समक्ष रखा।

डॉ. गोस्वामी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के बाद जिला कलेक्टर ने खिंवाड़ा स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के कार्यों में संवेदनशीलता और समयबद्धता बरतने के निर्देश दिए गए।

विशेष जनसुनवाई शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिला। मौके पर समाधान मिलने से लोगों में संतोष दिखाई दिया और प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ।

जनसुनवाई के दौरान उपखंड अधिकारी शिवा जोशी, विकास अधिकारी नारायण सिंह राजपुरोहित, तहसीलदार मोहनलाल, बाली एडीएम शैलेन्द्र सिंह, देसूरी उपखंड अधिकारी सिद्धार्थ सांदू, विकास अधिकारी भोपाल सिंह जोधा, तहसीलदार फतेह सिंह जसोल, ग्राम विकास अधिकारी ढलाराम चौहान, थानाधिकारी उरजाराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button